जनप्रतिनिधियों ने आयोग के अध्यक्ष व सदस्यों के सामने रखे महत्वपूर्ण प्रस्ताव
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह ने टीम के साथ भ्रमण कार्यक्रम के दौरान अन्य पिछड़े वर्ग की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक एवं विस्तृत चर्चा आयोजित की गई। बैठक में आयोग ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्रवार ओबीसी वर्ग की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक अंशुल यादव ने बताया कि जनपद में ओबीसी वर्ग की आबादी उल्लेखनीय है। उन्होंने चकरनगर क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए बताया कि बीहड़ क्षेत्र होने के कारण यहां भूमि ऊबड़-खाबड़ एवं सीमित है तथा सिंचाई एवं पानी की समस्या भी बनी रहती है। उन्होंने आयोग से चकरनगर क्षेत्र के लिए विशेष प्रावधान एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।विकास खंड बसरेहर के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक यादव ने बताया कि क्षेत्र दो लोकसभा एवं दो विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है, इसलिए क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना उपयोगी होगा। विकास खंड बढ़पुरा में ब्लॉक प्रमुख गणेश राजपूत ने कहा कुल 72 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में लगभग 30 सदस्य ओबीसी वर्ग से हैं। विकास खंड भरथना के ब्लॉक प्रमुख विनोद कुमार दोहरे ने बताया कि भरथना क्षेत्र में अनेक योजनाओं के माध्यम से विकास हुआ है और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ी हैं। ग्राम प्रधान बढ़पुरा पवन राजपूत, ग्राम प्रधान उमेश कुमार तिवारी बढ़पुरा, ग्राम प्रधान बसरेहर शीला वर्मा, पंचायत सदस्य उत्कर्ष, विकास खंड चकरनगर के प्रतिनिधि राकेश यादव,जसवंतनगर विकास खंड के पंचायत प्रतिनिधि पंकज, महेंवा विकास खंड के पंचायत सदस्य गौरव यादव, सैफई विकास खंड के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उदयभान यादव, विकास खंड ताखा के क्षेत्र पंचायत सदस्य सत्यमान यादव ने आयोग के समक्ष अपने प्रस्ताव रखे। बैठक में आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यो ने जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा ओबीसी वर्ग की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की। चर्चा में यह प्रमुख रूप से सामने आया कि पिछड़े वर्ग की स्थिति में शिक्षा, रोजगार, कृषि, स्वरोजगार एवं राजनीतिक प्रतिनिधित्व के क्षेत्रों में सुधार हुआ है, लेकिन कुछ जातियों एवं भौगोलिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों में अभी भी आर्थिक एवं शैक्षिक चुनौतियां बनी हुई हैं। बैठक आयोग के सदस्य ब्रजेश कुमार से.नि. डीजे सदस्य संतोष कुमार विश्वकर्मा से.नि. एडीजे, डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया से.नि. आईएएस, एसपी सिंह से.नि. आईएएस, सीडीओ संजय कुमार सिंह, एडीएम बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमा, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष व सदस्यगण।
