नेताजी मुलायम सिंह की समाधि पर पुष्प अर्पित करते अखिलेश यादव
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न राजनीतिक संगठनों के नेताओं ने उनके पैतृक गांव सैफई स्थित समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नेताजी के संघर्षपूर्ण जीवन,उनके विचारों व आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। मीडिया से बात करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग एवं केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा सरकारें जब कमज़ोर हो जाती है तब अन्याय का रास्ता अपनाती है। चुनाव आयोग पर केवल सीजेपी ने सवाल नहीं खड़े किए है समय समय पर कई राजनीतिक दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए है। चुनाव आयोग के पीछे भारतीय जनता पार्टी खड़ी है और साजिश षड्यंत्र कर रही है। जो भाजपा का सदस्य होगा वही भारत का नागरिक होगा ऐसी साजिश भाजपा कर रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता को हम सतर्क रहना चाहिए अगर भाजपा सत्ता में रहेगी तो लोकतंत्र को खत्म कर देगी। अखिलेश यादव ने कहा 2027 के चुनाव में उत्तर प्रदेश के जनता की परीक्षा होने जा रही है। मैं एक बार फिर से उत्तर प्रदेश की जनता को सावधान करना चाहता हूँ अगर इस चुनाव में भाजपा जीत गई तो सभी से वोट डालने का हक छीन लिया जाएगा।भाजपा हटते ही चुनाव आयोग में भी सुधार आ जाएगा!
