डीएम ने जनपद की राजस्व संबंधी रैंकिंग सुधारने के अधिकारियों को दिये निर्देश

समीक्षा के दौरान जनपद की राजस्व संबंधी रैंकिंग 54 पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को कार्यप्रणाली में प्रभावी सुधार लाने के निर्देश दिए

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड राजस्व की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत राजस्व संबंधी विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जनपद की राजस्व संबंधी रैंकिंग 54 पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को कार्यप्रणाली में प्रभावी सुधार लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मंडी आय की अत्यंत खराब रैंकिंग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व वृद्धि पर विशेष फोकस किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं कर चोरी तो नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी राजस्व की हानि हो रही है तो उसकी तत्काल पहचान कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की कमजोर प्रगति पर जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को तेजी से कार्य करते हुए जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। खनन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें, योजनाओं की प्रगति में सुधार लाएं तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के प्रत्येक बिंदु पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें, जिससे जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हो और जनपद प्रदेश के टॉप-10 जिलों में अपना स्थान बना सके। बैठक में अपर जिला अधिकारी बिपिन कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक संदीप श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सन्तोष कुमार मिश्रा, आबकारी अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, खनन अधिकारी सहित समस्त संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।  बैठक में निर्देश देते डीएम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *