छात्रों को राखी बांधकर तिलक करतीं छात्राएं
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। सेवन हिल्स इंटर कॉलेज में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व पर यादगार सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, भाई-बहन के पवित्र प्रेम, आपसी सम्मान और सामाजिक सद्भाव का सुंदर संदेश दिया। इस अवसर पर छात्राओं ने छात्रों की कलाई में प्रेम, सुरक्षा और सम्मान की राखियां बांधकर पर्व की महत्ता रेखांकित की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सौरभ दुबे ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक होने के साथ-साथ भारतीय पारिवारिक एवं सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाता है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रेम, सम्मान और भाईचारे की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने राखी निर्माण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर प्रेम, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक राखी बांधी। इसके साथ ही गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने समारोह को और आकर्षक बना दिया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे रिबन, पोस्टर और विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियों से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन शिवकिशोर दुबे, ट्रस्टी सुनील राजपूत एवं प्रधानाचार्य सौरभ दुबे ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
