सीबीएसई बोर्ड के सभी निर्देशों का विद्यालय सख्ती से करें पालन – डॉ. आनंद

सेंट मेरी इंटर कॉलेज में हुई सहोदय स्कूल्स काम्प्लेक्स की बैठक

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। सहोदय इटावा स्कूल्स काम्प्लेक्स की बैठक सेंट मेरी इंटर कॉलेज में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता इटावा सहोदय कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष एवं नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र शर्मा तथा इटावा सिटी कोऑर्डिनेटर एवं संत विवेकानंद सीएस स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. आनंद मुनि ने संयुक्त रूप से की। बैठक की कार्यवाही डिवाइन लाइट पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं पूर्व सचिव मनोज एम.एस. द्वारा संचालित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. आनंद मुनि ने कहा कि सभी विद्यालयों को सी.बी.एस.ई. बोर्ड द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करते हुए उनका समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए। इटावा जनपद के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर एवं पान कुँवर इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने आगामी महीनों में शिक्षकों के लिए आयोजित होने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी सभी प्रधानाचार्यों को दी। सेविन हिल्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सौरभ दुबे ने सेंट मेरी इंटर कॉलेज में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी दी तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. फादर सीजू जॉर्ज की प्रशंसा की। अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों की अपार आई.डी. के निर्माण में विद्यालयों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस विषय पर उपस्थित सभी प्रधानाचार्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा। सेंट मेरी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने सभी प्रधानाचार्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।  सहोदय स्कूल्स काम्प्लेक्स की बैठक में मौजूद मुख्य अतिथि व प्रधानाचार्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *