सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कृषकों को वितरित किए सहायता राशि के चेक

किसानों को चेक वितरित करतीं सदर विधायक सरिता भदौरिया

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर से आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से बाढ़, अतिवृष्टि एवं चक्रवात के कारण फसल क्षति से प्रभावित प्रदेश के 9 लाख से अधिक कृषकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 493 करोड़ की कृषि निवेश अनुदान राशि हस्तांतरित की। जनपद में फसल क्षति से प्रभावित कृषकों को राहत प्रदान करने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक सरिता भदौरिया द्वारा लगभग 168 पात्र कृषकों को कुल ₹7.52 लाख की सहायता राशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। जनपद में तहसील सदर के आठ गांवों तथा तहसील ताखा के दो गांवों सहित कुल 10 गांवों में लगभग 40 हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुआ है। प्रभावित पात्र कृषकों को नियमानुसार कृषि निवेश अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे उन्हें फसल क्षति से उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों से उबरने तथा आगामी फसल की तैयारी के लिए बीज, खाद एवं अन्य आवश्यक कृषि संसाधन जुटाने में सहायता मिल सके। जिला प्रशासन द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित प्रत्येक पात्र कृषक को नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सहायता वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाए रखने के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र कृषक अनुमन्य सहायता से वंचित न रहे। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विपिन कुमार, उपजिलाधिकारी सदर, आपदा विशेषज्ञ अवनीश दुबे, नायब तहसीलदार सदर विपिन मिश्रा सहित संबंधित अन्य अधिकारी एवं प्रभावित कृषक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *