
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद ने मंडल कार्य योजना, बूथ सत्यापन और प्रवास बैठक में की सहभागिता; कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं
बकेवर, इटावा। भाजपा मंडल बकेवर की मंडल कार्य योजना बैठक, मंडल कार्यसमिति सत्यापन एवं प्रवास बैठक में शामिल होने पहुंचीं भाजपा प्रदेश महामंत्री उत्तर प्रदेश एवं राज्यसभा सांसद गीता शाक्य का बकेवर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने भव्य स्वागत किया।
गीता शाक्य के बकेवर की सीमा में प्रवेश करते ही नगर स्थित राम जानकी मंदिर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इटावा गोपाल मोहन शर्मा के नेतृत्व एवं मौजूदगी में सैकड़ों कार्यकर्ताओं तथा नगरवासियों ने उनका माल्यार्पण कर जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिंदाबाद, मोदी-योगी जिंदाबाद, गीता शाक्य जिंदाबाद, अन्नू गुप्ता जिंदाबाद और गोपाल मोहन शर्मा जिंदाबाद के नारे लगाए। प्रदेश महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से कुशलक्षेम पूछते हुए सभी का हालचाल जाना।
इसके बाद गीता शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत प्रांगण बकेवर में आयोजित भाजपा मंडल बकेवर की संगठनात्मक बूथ सत्यापन बैठक में पहुंचीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता एवं गीता शाक्य ने संयुक्त रूप से स्वर्गीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित तथा पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और जिला व मंडल पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
‘भाजपा के नट-बोल्ट हैं सभी कार्यकर्ता’
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गीता शाक्य ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। हम सभी भाजपा के नट-बोल्ट हैं। मंच से लेकर मैदान तक प्रत्येक व्यक्ति भाजपा का कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास को गति मिली है तथा सरकार की योजनाओं से आम जनता को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
गीता शाक्य ने बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंडल, बूथ, सेक्टर और शक्ति केंद्र स्तर के पदाधिकारियों एवं समितियों के सत्यापन की जानकारी लेते हुए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की।
कार्यकर्ताओं से पूरी मेहनत के साथ जुटने की अपील
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में पार्टी को पुनः मजबूत जनसमर्थन दिलाने के लिए पूरी मेहनत एवं लगन से कार्य करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़, जिला उपाध्यक्ष कृपा नारायण तिवारी, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, जिला मंत्री आयुष राज, बासु चौधरी, जिला कार्यसमिति सदस्य एडवोकेट आदित्य मोहन शर्मा, उदयवीर दोहरे, मंडल अध्यक्ष विनोद चौहान, जिला कमेटी सदस्य ब्रजेश शर्मा, मंडल मंत्री अंकित ऋषिवर, दीपक राजपूत, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, सचिन शर्मा, मन्नू ठाकुर, संजू शर्मा, रविप्रकाश चौधरी, मूलचंद्र सविता, आशीष मोहन, रिहान कुमार, अमितेश अवस्थी, रामू मिश्रा, असलम खां, इस्लाम खान, बड़े चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
