संत विवेकानंद मे पोस्टर व निबंध प्रतियोगिता से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

संत विवेकानंद मे आयोजित प्रतियोगिता सैकड़ों विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। शिक्षा को आधुनिक, जागरूक और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में ईको क्लब के तत्वावधान में पोस्टर मेकिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से कक्षा 12 तक के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और लेखन कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों और विचारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने इलेक्ट्रॉनिक ई-कचरे को एकत्र किया, जिसे उचित निस्तारण के लिए संबंधित कार्यालयों में जमा कराया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को ई-कचरे के सुरक्षित प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक डॉ. आनंद ने सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। संस्था के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों की भागीदारी को सराहनीय बताया। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने रचनात्मक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। ऐसी पहल विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और उन्हें स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।  प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *