जीएसटी कार्यालय में हुई व्यापार बंधु की बैठक
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। व्यापार बंधु की बैठक नुमाइश चौराहे स्थित जीएसटी कार्यालय के अटल सभागार में अस्सिटेंट कमिश्नर ग्रेड1 एच पी राव दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। उन्होंने व्यापारियों को अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश में ब्याज माफी योजना-2026 लागू की गई है इसके अन्तर्गत पुराने बकायों पर ब्याज और अर्थदंड में छूट दी जाएगी। योजना में 16 जनवरी 2027 तक व्यापारी आवेदन कर सकेंगे इस योजना के अंतर्गत पात्र व्यापारियों को मूल बकाया कर जमा करने पर ब्याज और अर्थदंड में बड़ी छूट का लाभ मिल सकेगा। योजना का उद्देश्य पुराने कर विवादों का निस्तारण कर व्यापारियों को राहत देना और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत 31 दिसंबर 2025 तक के बकाया कर, ब्याज और अर्थदंड से संबंधित पात्र मामलों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के मूल बकाये वाले मामलों में पूरा मूल बकाया जमा करने पर ब्याज में 100 प्रतिशत तथा अर्थदंड में भी 100 प्रतिशत छूट का प्रावधान दर्शाया गया है। 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक के बकाये पर ब्याज में 10 प्रतिशत और अर्थदंड में 90 प्रतिशत, एक करोड़ से पांच करोड़ रुपये तक के मामलों में ब्याज में 25 प्रतिशत और अर्थदंड में 75 प्रतिशत, जबकि पांच करोड़ रुपये से अधिक के बकाये पर ब्याज और अर्थदंड में 50-50 प्रतिशत छूट का प्रावधान दिया गया है।इसके अतिरिक्त, केवल बकाया न जमा करने पर आरोपित अर्थदंड से संबंधित मामलों में भी 100 प्रतिशत छूट का उल्लेख किया गया है। योजना का लाभ संबंधित कानूनों और निर्धारित शर्तों के अधीन मिलेगा। जीएसटी कमिश्नर सुरेन्द्र मोहन सिंह ने बताया कि इस लाभ के लिए व्यापारी को वाणिज्य कर विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने, बकाया राशि की गणना करने और निर्धारित धनराशि जमा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी सही गणना के आधार पर भुगतान करने के 15 दिनों के भीतर आरसी खत्म होने का प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। इस अवसर उघोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष आलोक दीक्षित ने त्यौहार के मद्देनजर जिले के प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त सुरक्षा बल बडाये जाने की मांग की है, दीवाली के दृष्टिगत बाजारों में भीड़ बड़ रही है, जिसमें महिलाओं की संख्या ज्यादा है भीड़ का फायदा उठाकर अराजक तत्व भी सक्रिय हो जाते हैं इसलिए बाजारों में अतिरिक्त फोर्स लगाई जाये,साथ ही तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को भीड़ वाले बाजारों से जाने से रोका जाए। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अशोक जाटव, शहर अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, युवा शहर अध्यक्ष रहमान आदि व्यापारी नेता सहित खाद्य, नगर पालिका, बिजली, बांट माप आदि के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित जीएसटी कमिश्नर व व्यापारी नेता।
