2027 की तैयारी में जुटे शिवपाल, बोले— पद नहीं, सरकार बनाना प्राथमिकता

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं स्थानीय विधायक Shivpal Singh Yadav ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी पद की कोई लालसा नहीं है, क्योंकि वह पार्टी में रहते हुए लगभग सभी प्रमुख जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्होंने यह बात उस समय कही जब पत्रकारों ने Ram Gopal Yadav द्वारा उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के बयान पर सवाल किया।
उन्होंने कहा कि वह पहले प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और कैबिनेट मंत्री जैसे अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में उनकी प्राथमिकता वर्ष 2027 में Akhilesh Yadav के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनवाना है, और इसके लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों में आम जनता की समस्याओं को हमेशा प्राथमिकता दी जाती रही है। Mulayam Singh Yadav, शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर वर्ग के लोगों की समस्याओं का बिना भेदभाव समाधान किया जाता था। जनप्रतिनिधि शपथ लेते समय जनता के हितों की रक्षा का वचन देते हैं, और समाजवादी पार्टी ने हमेशा इस जिम्मेदारी को निभाया है।
वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि Bharatiya Janata Party की सरकार में भेदभाव, भ्रष्टाचार और महंगाई बढ़ी है। उनका कहना था कि सरकार विपक्ष को पर्याप्त महत्व नहीं देती और प्रशासनिक स्तर पर भी अनियमितताएं बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग नौकरियों में धन लेकर नियुक्तियां की जा रही हैं और निचले स्तर तक अवैध वसूली का चलन बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए आवंटित बजट का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है और विभिन्न स्तरों पर कमीशनखोरी के कारण विकास प्रभावित हो रहा है, जिससे प्रदेश की प्रगति बाधित हो रही है।
बताया जाता है कि शिवपाल सिंह यादव जसवंतनगर के मोहल्ला रेल मंडी में एक कार्यकर्ता के पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *