डा. निर्मल चन्द्र बाजपेई को सम्मानित करते शाखा के लोग
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। भारत विकास परिषद धर्मार्थ सेवा शाखा इटावा ने कॉधनी ग्राम सभा के अन्तर्गत राजकीय आश्रम पद्यति विद्यालय में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम करके विद्यालय के सर्वश्रेष्ठ अध्यापक प्रतिपाल सिंह तथा दो मेधावी छात्रों प्रद्युम्न सिंह व अर्जित का अंगवस्त्र, मेडल, प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मान व अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर वन्देमातरम गीत का पूर्ण गायन किया गया। इसके उपरान्त प्रधानाचार्य व उप प्रधानाचार्य के साथ चौदह अन्य अध्यापकों का अंगवस्त्र व बैज लगाकर सम्मान किया गया। शाखा के पूर्व अध्यक्ष के के त्रिपाठी ने बताया कि परिषद की स्थापना किन परिस्थितियों में 1962 में हुई और आज किस प्रकार लोगों की सहयता और सेवा के कार्य कर रही है। पूर्व प्राचार्य महेश चन्द्र तिवारी ने परिषद के पाँच सूत्रों का विस्तृत वर्णन कर बच्चों को सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा व समर्पण का महत्व बताया। वरिष्ठ सदस्य विनोद त्रिपाठी ने बच्चों को बताया कि वह किस प्रकार आगे बढें व देश सेवा कर सकें। शाखा सचिव महेश बाथम ने बताया कि गुरु शिष्य परंपरा आदिकाल से चली आ रही है आज की सभ्यता के प्रभाव ने भले ही आच ला दी हो परन्तु देश की गौरवशाली संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने में भारत विकास परिषद आज भी उल्लेखनीय योगदान कर रही है। विद्यालय के प्रधानाचार्य निर्मल चन्द्र बाजपेई ने परिषद की प्रशंसा करते हुए कहा कि आप लोग अपनी सेवाओं से मुक्त होकर समाज में जो सेवा व संस्कार के काम कर रहे हैं, वह सभी के लिए प्रेरक हैं । उन्होंने विद्यालय में उक्त कार्यक्रम के लिए परिषद का आभार व्यक्त किया। अन्त में शाखा के अध्य़क्ष हरिदत्त दीक्षित ने प्रधानाचार्य व समस्त गुरुजनों को इस कार्यक्रम को सफलता पूर्वक कराने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शाखा के कोषाध्यक्ष चन्द्रभान मिश्र के अलावा विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।
