थाना दिवस में मौजूद अधिकार मित्र
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) इटावा के अध्यक्ष रजत सिंह जैन एवं पूर्णकालिक सचिव आरती द्विवेदी के निर्देशानुसार अधिकार मित्रों ने शनिवार को शहर कोतवाली में लगाए गए थाना दिवस में रहकर यहां आए फरियादियों एवं शिकायतकर्ताओं को विधिक परामर्श देकर उनके विवादों के समाधान हेतु सराहनीय योगदान दिया। थाना दिवस में इंस्पेक्टर कोतवाली यशवंत सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक क्राइम कृष्ण मुरारी के समक्ष अपनी शिकायत लेकर आए मड़ैया शिवनारायण निवासी देवेंद्र सिंह के मामले, रास्ते में पानी निकासी का पाइप न डालने देने को लेकर सम्बंधित चौकी इंचार्ज को समाधान हेतु निर्देशित किया गया। एक अन्य मामले, शहर के मोहल्ला आनंद नगर निवासी सुरेन्द्र कुमार पुत्र स्व. देवीलाल द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र, जिसमें सगे भाई द्वारा उनके मकान का गेट तोड़कर गाली गलौज और मारपीट करने की शिकायत की गई थी, को परस्पर बातचीत से निपटवाने के लिए समझाया गया। इसके अलावा छिपेटी मोहल्ला निवासी धीरेंद्र भदौरिया और शैलेंद्र मोहन चतुर्वेदी के मकान स्वामित्व संबंधी विवाद को भी उचित विधिक परामर्श के साथ समाधान कराने का प्रयास हुआ। इस अवसर पर अधिकार मित्र संतोष कुमार त्रिवेदी, सुधीर मिश्र एवं डॉ ज्योति वर्मा ने उक्त मामलों के समाधान कराने में सराहनीय प्रयास किया।
