
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा।जायंट्स ग्रुप ऑफ इटावा सहेली द्वारा सेवा सप्ताह के समापन अवसर पर ‘महान दिवस’ हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।विदित हो कि जायंट्स ग्रुप द्वारा प्रतिवर्ष 17 सितंबर से 23 सितंबर तक विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों के साथ सेवा सप्ताह मनाया जाता है, जिसके अंतिम दिन को ‘महान दिवस’ के रूप में मनाते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों का सम्मान एवं जनसेवा के प्रकल्प किए जाते हैं।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्पेशल कमेटी मेंबर आर.के. अग्रवाल द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व पूजन कर किया गया।तत्पश्चात सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से जायंट्स प्रार्थना का गान किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्पेशल कमेटी मेंबर आर.के. अग्रवाल,पूर्व फेडरेशन अध्यक्ष उषा यादव, कोऑर्डिनेटर क्षमा दीक्षित, फेडरेशन यूनिट डायरेक्टर प्रेरणा जैन, फेडरेशन अधिकारी संगीता अग्रवाल एवं अध्यक्ष विमल शर्मा मंचासीन रहे।सभी अतिथियों का तिलक वंदन कर एवं पट्टिका ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया।मुख्य अतिथि आर.के.अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जायंट्स सहेली ग्रुप सदैव ही समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय व अनुकरणीय कार्य करता आया है।उन्होंने कहा कि समाज में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है,क्योंकि जब तक समाज पूरी तरह जागरूक नहीं होगा तब तक सेवा कार्यों की निरंतर आवश्यकता बनी रहेगी।उन्होंने अपने प्रेरक विचारों से सभी को निरंतर सक्रिय रहने हेतु प्रोत्साहित किया।
विभूतियों और कलमकारों का हुआ सम्मान
महान दिवस’ के उपलक्ष्य में संस्था द्वारा विशिष्ट विभूतियों के सम्मान की श्रृंखला में जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ.अनिल मिश्रा एवं समाजसेविका प्रीति पांडे को प्रतीक चिह्न भेंट कर व दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया एवं पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र भसीन को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया,साथ ही वर्ष भर संस्था के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने वाले विभिन्न समाचार पत्रों के पत्रकार बंधुओं को भी तिलक वंदन, पटका व प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डीओए हेनू वर्मा ने वर्ष भर तथा सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों जैसे रक्तदान शिविर,’बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान, पर्यावरण निबंध प्रतियोगिता,गणपति पोस्टर प्रतियोगिता तथा नशा मुक्ति अभियान का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।यूनिट डायरेक्टर प्रेरणा जैन ने इन सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितैषी आयोजन जारी रखने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर क्षमा दीक्षित व फेडरेशन अधिकारी संगीता अग्रवाल ने भी विचार व्यक्त कर सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।अध्यक्ष विमल शर्मा ने सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर डीओए हेनू वर्मा, डीओएफ रीना सिंह राठौर,सावित्री अग्रवाल,कमलेश शर्मा, रीना वर्मा,गुरु प्रेम प्यारी जादौन,उर्वशी द्विवेदी, मनोरमा पोरवाल,इंदिरा तिवारी,अलका सोनी,रचना माहेश्वरी,उषा भदौरिया, शारदा दीक्षित,संध्या अग्रवाल,अलका अग्रवाल, दुर्गेश पोरवाल,मुस्कान भदौरिया एवं रूपाली अग्रवाल सहित संस्था की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।
