
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सदर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के प्रमुख नागरिकों के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजक मौजूद रहे।शहर कोतवाल यशवंत सिंह ने विश्वकर्मा जयंती, बुढ़वा मंगल, 11वीं शरीफ, गणेश विसर्जन एवं अनंत चतुर्दशी सहित आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने गणेश पंडाल आयोजकों से अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।वहीं स्पेशल पुलिस अधिकारी आलोक दीक्षित ने कहा कि गणेश विसर्जन प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए। लोगों से नदियों से दूर रहने तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों को न बैठाने की अपील की गई।
बैठक में मौजूद आयोजकों ने त्योहारों के दौरान बिजली, पानी और सड़क व्यवस्था को दुरुस्त रखने की मांग रखी। अधिकारियों ने सभी लोगों से अपील की कि माहौल खराब करने वालों से सतर्क रहें और किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।बैठक में प्रमुख रूप से चौधरी मुमताज, पंकज जैन, हरिशंकर पटेल, मु. दिलशाद, चक्रेश जैन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजक मौजूद रहे। त्योहार हमारी एकता और भाईचारे की पहचान हैं। आइए, मिलकर शांति और सौहार्द का संदेश दें
