करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। बुनकर एकता समिति की आयोजित बैठक में बुनकर समाज ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एक मंच पर एकजुट होकर संघर्ष का ऐलान किया। बैठक में बिजली बिलों की समस्या सहित अन्य मुद्दों के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई तथा नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बाह अड्डा स्थित कासिम अंसारी के कार्यालय पर आयोजित इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने कहा कि समिति बुनकर समाज के हकों की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह संकल्पित है और बुनकरों को बिजली संबंधी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
प्रदेश प्रवक्ता एवं सलाहकार क़ासिम अंसारी ने कहा कि जिस समाज का कोई मार्गदर्शक (रहबर) नहीं होता, वह अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पाता। रहबर वह होता है जो अंधेरे में रास्ता दिखाए, कठिन समय में हिम्मत दे और समाज को जोड़ने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि बुनकर एकता समिति आगे भी बुनकरों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगी।
बुनकर नेता नफीसुल अंसारी ने कहा कि जो भी राजनीतिक दल बुनकरों के हित में कार्य करेगा और सस्ती बिजली उपलब्ध कराएगा, समाज उसी का समर्थन करेगा। प्रमुख महासचिव सलाहउद्दीन अंसारी ने बताया कि समिति जल्द ही उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर बुनकरों की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
राशिद अंसारी (राजस्थान मार्वल) ने कहा कि समिति का प्रयास रहेगा कि बिजली के साथ-साथ अन्य समस्याओं का भी समाधान कराया जाए। वहीं शमशुद्दीन अंसारी ने मांग रखी कि प्रति लूम 430 रुपये की दर को घटाकर 200 रुपये किया जाए।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों का गठन करते हुए नफीसुल अंसारी को संरक्षक नियुक्त किया गया। शमसुद्दीन अंसारी, राशिद अंसारी, इलियास अंसारी और हाजी अखलाक अंसारी को उपाध्यक्ष बनाया गया। मो. मुबीन एवं नजीर अंसारी (लल्ला) को उप प्रबंधक, राशिद अंसारी को उप महासचिव, निहाल एवं मो. लईक को सचिव तथा जीशान, शानू और दानिश को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
इसके अलावा हाफिज मो. रईस को कोषाध्यक्ष, शारिक अंसारी को प्रबंधक, मसरूर अंसारी को उप प्रबंधक, सगीर अहमद को सचिव, असलम अंसारी को उपाध्यक्ष, मो. इमरान को मीडिया प्रभारी, राकेश शंखवार को उप महासचिव नियुक्त किया गया। बैठक में इरफान अहमद, मो. जाबिर, इजहार अहमद, अमीन अंसारी, मो. हनीफ सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
