
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा, 31 जुलाई 2026। पुलिस मॉडर्न स्कूल, इटावा की दो प्रतिभाशाली छात्राओं मानवी एवं ट्विंकल ने सीबीएसई ईस्ट जोन जूडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद, विद्यालय तथा पुलिस परिवार का गौरव बढ़ाया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने विशेष समारोह आयोजित कर दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
प्रयागराज में 27 से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में मानवी ने अंडर-11 आयु वर्ग (40 किलोग्राम से अधिक) तथा ट्विंकल ने अंडर-17 आयु वर्ग (70 किलोग्राम से कम) में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी इटावा एवं उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक सक्सेना ने छात्राओं की इस सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके समर्पण एवं प्रशिक्षकों के अथक प्रयासों की सराहना की।
दोनों खिलाड़ियों की सफलता में शारीरिक शिक्षक गजेन्द्र सिंह, श्रीमती अलका सिंह तथा प्रशिक्षिकाओं दीक्षा अवस्थी एवं ललिता यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने पूरी कोचिंग टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
अब मानवी और ट्विंकल 29 सितम्बर से 24 अक्टूबर 2026 तक मिनर्वा पब्लिक स्कूल, करनाल (हरियाणा) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में इटावा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इटावा पुलिस एवं समस्त जनपद की ओर से दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ।
