कचौरा बाईपास पर दर्दनाक सड़क हादसा, एक युवक की मौत, तीन गंभीर

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर। बुधवार तड़के करीब 3 बजे कचौरा बाईपास मार्ग पर सिरहोल नहर पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्प्लेंडर बाइक (संख्या UP83AH8893) को टक्कर मार दी। बाइक पर चार युवक सवार थे, जो कचौरा घाट स्थित लखेरा कुआं से नगला खुशाली गांव की ओर जा रहे थे।

हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शुभम वर्मा अपनी पुलिस टीम—कांस्टेबल आर्या चिकारा, सनोज कुमार और सुशील कुमार—के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

चिकित्सकों ने जांच के बाद रईस पाल (25) पुत्र मुन्नीलाल निवासी नगला खुशाली को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायल रंजीत (35) पुत्र सरनाम सिंह निवासी नगला खुशाली, पंकज (25) पुत्र सुरेश चंद्र निवासी ऊनवा थाना चौबिया और अजीत (28) पुत्र कुंवर सेन निवासी नगला मोती थाना भोगांव जिला मैनपुरी की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *