ज्ञापन देने जाते सर्वजन सुखाय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद यादव व कार्यकर्ता
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। सर्वजन सुखाय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद यादव ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं,किसानों के उत्पीड़न और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के उपरांत पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक 9 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिवप्रसाद यादव ने बताया कि पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि जनहित से जुड़ी इन महत्वपूर्ण मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए,तो पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन में कहा गया है कि पखाद और बीज की खरीद के लिए अनिवार्य की गई ‘फार्मर रजिस्ट्री’ प्रक्रिया से किसान बेहद परेशान हैं। इस अनिवार्यता को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए। बाजार में धड़ल्ले से बिक रही नकली खाद, बीज और कीटनाशक दवाओं के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं।सरकार ऐसे अवैध विक्रेताओं पर कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।प्रदेश के सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। जिससे गरीब बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। गांव-गली और मोहल्लों में खुल रहे शराब के ठेकों से युवा पीढ़ी गर्त में जा रही है। देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए शराब के ठेकों को पूर्णतः बंद कर उनकी जगह सरकारी स्कूल खोले जाने चाहिए। सरकारी कर्मचारियों की तरह देश का अन्नदाता किसान भी दिन-रात मेहनत करके देश सेवा करता है। इसलिए वृद्धावस्था में किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए 20 हजार रुपये प्रति माह पेंशन दी जानी चाहिए।नगर पालिका कर्मचारी स्व.राजीव यादव को आत्महत्या के लिए विवश करने वाले सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार के आश्रित को सरकारी नौकरी व बकाया राशि का अविलंब भुगतान हो। इस अवसर पर सर्वजन सुखाय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद यादव के साथ जिलाध्यक्ष विनय यादव सहित पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
