बैठक में उपस्थित सांसद जितेंद्र दोहरे व अन्य
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सांसद जितेन्द्र कुमार दोहरे की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम सांसद ने योजनाओं के संचालन एवं विकास कार्यों के संबंध में दिए और दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने सर्वप्रथम मनरेगा, एनआरएलएम दीन दयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता, कृषि विकास योजना सहित अन्य सभी योजनाओं की समीक्षा की। सांसद ने कहा कि बसरेहर बाईपास टूटा हुआ है, इसको ठीक कराया जाए एवं हैंवरा डिग्री कॉलेज के पास वाली रोड टूटी हुई है, उसे ठीक कराया जाए एवं स्पीड ब्रेकर भी बनवाया जाये और इसकी सूची उपलब्ध कराई जाए। जिसपर जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि बैठक की विभागीय अनुपालन आख्या बनाकर सांसद एवं जनप्रतिनिधियों को भेजना सुनिश्चित करें।मंडी परिषद की जो रोड है इसकी सूची उपलब्ध कराई जाए। महेवा ब्लॉक के सिक्रेटरी अखिलेश कुमार के कार्य को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित हॉस्टल का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए एवं हॉस्टल में पंखे आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कृषि विभाग योजना के अंतर्गत उप निदेशक कृषि द्वारा बताया गया कि फसल बीमा योजना में जांच कराकर भुगतान कराया जाता है, जिसपर सांसद द्वारा बताया गया कि ब्लॉक वार बीज वितरण किया जाए एवं इसकी सूची उपलब्ध कराई जाए साथ ही इसका प्रचार-प्रसार भी कराया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में अत्यधिक भीड़ उत्पन्न होती है इसलिए काउंटर की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि महेवा, लखना, बकेवर एवं बसरेहर में कोई भी डेंटिस्ट नहीं है, यहाँ डेंटिस्ट की तैनाती की जाए। विद्युत विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिसका बिल बकाया है उसको 3-7 दिन पहले नोटिस दिया जाए, उसे बिना अवगत कराए उसका कनेक्शन न काटा जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अहेरीपुर मार्ग टूटी पड़ी है, तत्काल ठीक कराया जाए। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ही कार्य किया जाए, मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश हैं कि जनपद के सभी अधिकारी फोन अवश्य उठाएं अगर किसी भी वजह से वे फोन नहीं रिसीव कर पाते है तो बाद में कॉलबैक अवश्य करें। बैठक में मुकुल यादव सदस्य विधान परिषद, गोपाल यादव प्रतिनिधि सांसद प्रो. रामगोपाल यादव, सर्वेश शाक्य प्रतिनिधि जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रदीप शाक्य प्रतिनिधि डिम्पल यादव, सतेन्द्र द्विवेदी प्रतिनिधि प्रांशुदत्त द्विवेदी सदस्य विधान परिषद, ध्रुव यादव प्रतिनिधि विधायक जसवंतनगर, जितेन्द्र भदौरिया प्रतिनिधि विधायक भरथना, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आईएएस कोमल पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बृजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
