करंट विजन संवाददाता
इमरान खान
जसवंतनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को यहां रामलीला रोड पर ग्रीष्मकालीन मेला एवं प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस तरह के मेले समाज के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं।
उन्होंने कहा कि इन मेलों से छोटे कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजगार के अवसर मिलते हैं और स्थानीय कारीगरों, व्यापारियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। विधायक ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि मेला केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि संस्कृति और अर्थव्यवस्था को जोड़ने का सेतु भी है।
श्री यादव ने कहा कि गर्मियों में लगने वाले ऐसे मेलों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए कुछ न कुछ खास होता है। झूले, खान-पान के स्टॉल और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की प्रदर्शनी लोगों को आकर्षित करती है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मेले में सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि लोगों को कोई असुविधा न हो। श्री यादव ने इस दौरान क्रोकरी की एक दुकान से क्रोकरी का एक सेट खरीद कर दुकानदार का उत्साह वर्धन किया।
क्षेत्रीय विधायक श्री यादव के मेले में पहुंचने पर मेला कमेटी के राम अवतार शिवहरे, अनीश भूटानी, अन्नू रेडियो वाले आदि ने उनका स्वागत किया। उद्घाटन कार्यक्रम में अनुज मोंटी यादव, अनिल प्रताप यादव, अजेंद्र सिंह गौर, मोहम्मद अहसान, रामवीर सिंह यादव, मजरुल्लाह खान सहित अनेक व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मेले में बच्चों के लिए झूले, महिलाओं के लिए श्रृंगार और घरेलू सामान के स्टॉल, वहीं ग्रामीणों के लिए उपयोगी वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। मेला लगभग एक माह तक चलेगा।
