जिले भर में दवाओं की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा, दवाओं की वैध वितरण प्रणाली को अक्षुण्ण रखने तथा छोटे व मध्यम केमिस्टों के अस्तित्व को बचाने के लिए बुधवार को जनपद के समस्त केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए। इटावा केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में दवाओं की अवैध ऑनलाइन बिक्री, फर्जी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जनरेटेड ई-प्रिस्क्रिप्शन, बिना चिकित्सकीय परामर्श के धड़ल्ले से हो रही दवा डिलीवरी और ऑनलाइन कंपनियों की अंधाधुंध ‘डीप डिस्काउंटिंग’ नीति के विरोध में सांकेतिक बंद रखा।इस दौरान जिले भर में दवाओं की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं।
बंद के दौरान दवा व्यापारियों ने जन-जागरूकता रैली भी निकाली। आंदोलन के तहत सुबह से ही व्यापारी शास्त्री चौराहा पर एकत्र होने शुरू हो गए थे। यहा से केमिस्टों ने हाथों में तख्तियां लेकर कचहरी तक विशाल मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त एसडीएम से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। दवा व्यापारियों ने कहा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 एवं नियमावली 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का कोई स्पष्ट कानूनी प्रावधान नहीं है।इसके बावजूद कॉर्पोरेट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म वर्षों से अनियंत्रित व अवैध रूप से दवाओं का कारोबार कर रहे हैं। यह सीधे तौर पर देश के कानून का उल्लंघन है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा एवं जिला महासचिव मनु गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत स्वार्थ या हित के लिए नहीं है।यह विशुद्ध रूप से जनहित, रोगी सुरक्षा और देश की व्यवस्थित दवा वितरण प्रणाली को बचाने की लड़ाई है।अगर सरकार ने इस अवैध ऑनलाइन कारोबार पर शीघ्र प्रभावी और कठोर कार्रवाई नहीं की,तो आने वाले समय में इस आंदोलन को और अधिक व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी शासन- प्रशासन की होगी। इस मौके पर उमाकांत जैन, नवीन मेहरोत्रा, ऋषभ अग्रवाल, गौरव कांत जैन, विशाल जैन, शशांक जैन, मोहित सिंह, शैलेन्द्र यादव, पिंकी जैन, शशांक दुबे, राजीव शर्मा, प्रशांत पाल, दुष्यंत पुरवार, सतेन्द्र शर्मा, गोलू, महेश वसन्तानी, आनंद गुप्ता, विमल कुशवाहा, अतुल जैन, राजेश अग्रवाल सहित खुशी मेडिकल, एसएस मेडिकल, कीर्ति मेडिकल, माधव मेडिकल,आशीष मेडिकल, गुलजार मेडिकल, यादव मेडिकल, बांके बिहारी मेडिकल, वंशिका मेडिकल के संचालक व बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं दवा व्यापारी उपस्थित रहे।
फोटो जुलूस निकाल कर ऑनलाइन दवा बिक्री के एसडीएम को ज्ञापन देते, जुलूस निकालते कैमिस्ट व बन्द दुकानें।
