इटावा में पति की हत्या का खुलासा, पत्नी और कथित प्रेमी गिरफ्तार

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा, 14 जुलाई। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के ग्राम तोड़ा में हुए भट्टा व्यवसायी आनंद राजपूत हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक आनंद राजपूत की पत्नी 32 वर्षीय आशिकी देवी का पड़ोस में रहने वाले 22 वर्षीय शिवम राजपूत से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस का दावा है कि मृतक को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते दोनों आरोपियों ने 13 जुलाई को कथित रूप से गला घोंटकर आनंद राजपूत की हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मृतक की सोने की अंगूठी, दो मोबाइल फोन तथा हत्या में प्रयुक्त बताया जा रहा गमछा बरामद करने का दावा किया है।
घटना का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना सिविल लाइन प्रभारी के.के. मिश्रा एवं पुलिस टीम ने किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *