बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जीरो पॉवर्टी अभियान सहित स्वच्छ भारत मिशन, बीबीजीरामजी योजना, आईजीआरएस, गौशाला, प्राकृतिक खेती की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गोवंश सड़कों पर न घूमें तथा गोशालाओं में दाना, हरा चारा एवं भरण-पोषण की व्यवस्था पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जाए। किसी को भी घायल गोवंश मिले तो तत्काल 1962 हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि मौके पर पहुंचकर उसका उपचार एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा सके। जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि चिन्हित परिवार जनपद के सबसे निर्धन एवं वंचित परिवार हैं। इन परिवारों को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न रखते हुए बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य, राशन सहित सभी मूलभूत सुविधाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि गरीबी से स्थायी रूप से बाहर निकालने के लिए परिवारों के युवाओं को कौशल विकास से जोड़ना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने विद्यालयों एवं उनके आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने तथा स्वच्छता संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस, जनता दर्शन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आईएएस कोमल पुनिया, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त एडीओ पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
