लेखपालों ने किया धरना-प्रदर्शन, भ्रष्टाचार निरोधक कार्रवाई में पारदर्शिता की मांग

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर। मॉडल तहसील जसवंतनगर में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पदाधिकारियों और लेखपालों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए लेखपालों के विरुद्ध एंटी करप्शन एवं विजिलेंस टीमों द्वारा की जा रही कार्रवाई में निष्पक्ष जांच और निर्धारित प्रक्रिया अपनाने की मांग की।
ज्ञापन में संघ ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का महत्वपूर्ण कर्मचारी है और कठिन परिस्थितियों में गांव-गांव जाकर शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण हटाने सहित अन्य राजस्व कार्यों का निर्वहन करता है। संघ का कहना है कि कई मामलों में रंजिश, निजी स्वार्थ अथवा झूठी शिकायत के आधार पर लेखपाल को फंसाने का प्रयास किया जाता है।
संघ ने अयोध्या के सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के विरुद्ध हुई कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। ज्ञापन में प्रकरण से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, शिकायत और ट्रैप प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा कराने तथा यदि लेखपाल को षड्यंत्रपूर्वक फंसाया गया है तो उसे न्याय दिलाने की मांग की गई है।
लेखपाल संघ ने मांग की कि भविष्य में किसी लेखपाल के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, उसकी रंजिश और शिकायत के उद्देश्य की विस्तृत जांच अनिवार्य की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायत से संबंधित कार्य वास्तव में लेखपाल के अधिकार क्षेत्र में आता है या नहीं।
ज्ञापन में जबरन जेब, वाहन या कक्ष में धनराशि रखे जाने अथवा दलाल के माध्यम से कर्मचारी को फंसाए जाने जैसी परिस्थितियों में बिना ठोस एवं प्रत्यक्ष साक्ष्य के गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई। संघ ने गलत शिकायत या षड्यंत्र प्रमाणित होने पर संबंधित शिकायतकर्ता, दलाल अथवा अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर, निलंबन एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की मांग भी रखी।
लेखपाल संघ ने एंटी करप्शन संगठन और विजिलेंस विभाग के लिए स्पष्ट एवं कड़े Standard Operating Procedure (SOP) जारी करने की मांग की, ताकि प्रत्येक ट्रैप कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया और निष्पक्ष मानकों के अनुरूप हो।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों की 351 तहसीलों में लेखपालों ने गंभीर प्रकरण के विरोध में थाना दिवस का बहिष्कार करते हुए एक दिवसीय कलमबंद हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन किया। संघ ने सरकार से लेखपालों के लिए भयमुक्त, सम्मानजनक, सुरक्षित और निष्पक्ष कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन देते समय जसवंतनगर तहसील में सभी कार्यरत लेखपाल मौजूद रहे रहे!!!!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *