
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (PPS) के वरिष्ठ अधिकारी एवं इटावा में तैनात एडिशनल एसपी अभय नाथ त्रिपाठी को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिलने पर पुलिस महकमे और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। अपने शांत स्वभाव, प्रभावी कार्यशैली और जनसरोकारों से जुड़े पुलिसिंग मॉडल के लिए पहचान रखने वाले अभय नाथ त्रिपाठी अब आईपीएस अधिकारी के रूप में नई जिम्मेदारियां निभाएंगे।
वर्ष 2000 बैच के पीपीएस अधिकारी रहे अभय नाथ त्रिपाठी ने अपने सेवा काल में कई महत्वपूर्ण जिलों और संवेदनशील क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2014 से 2016 के बीच लखनऊ में महानगर, चौक, मलिहाबाद और कैसरबाग जैसे संवेदनशील सर्किलों का नेतृत्व करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई नवाचार किए।
कैसरबाग में सांप्रदायिक तनाव के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों की भागीदारी पर आधारित पुलिसिंग मॉडल लागू किया। संवेदनशील इलाकों में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों की संयुक्त टीमें गठित कर छोटे विवादों का स्थानीय स्तर पर समाधान, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और पुलिस को समय पर सूचना देने की व्यवस्था विकसित की। इस पहल से क्षेत्र में शांति और आपसी विश्वास को मजबूती मिली।
महानगर सर्किल में तैनाती के दौरान उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में बढ़ रही अराजक गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन से नियमित संवाद तथा लगातार भ्रमण के माध्यम से परिसर में अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्तमान में इटावा में एडिशनल एसपी के रूप में तैनात अभय नाथ त्रिपाठी अपनी सरल कार्यशैली, निष्पक्ष छवि और जनता से सीधे संवाद के लिए जाने जाते हैं। आईपीएस पद पर पदोन्नति उनके लंबे अनुभव, उत्कृष्ट सेवा और समर्पित पुलिसिंग का सम्मान मानी जा रही है। पुलिस विभाग सहित जनपद के अनेक लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
