त्योहारों को लेकर इटावा पुलिस अलर्ट, बाजारों में बढ़ाई गई सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए इटावा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, मिठाई की दुकानों और प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिस पिकेट तैनात करने के साथ ही लगातार पैदल गश्त की जा रही है।

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पुलिस अधिकारी व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम

त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। कुछ स्थानों पर छोटे वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते वाहनों के आवागमन को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। इटावा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

त्योहारों के मद्देनजर इटावा पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *