लॉर्ड मदर स्कूल में विधानसभा स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, 550 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

बकेवर, इटावा। कस्बा स्थित लॉर्ड मदर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में रविवार को विधानसभा स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसके लिए करीब 800 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें लगभग 550 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।

प्रतियोगिता के आयोजक क्षेत्रीय विधायक एवं समाजवादी पार्टी के नेता राघवेंद्र गौतम ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। शिक्षा विकास की कुंजी है, जो राष्ट्र निर्माण के साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उनकी कोशिश है कि प्रत्येक वर्ग के बच्चों, दिव्यांगों और कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिले, जिससे वे शिक्षा के प्रति जागरूक होकर अपनी प्रतिभा निखार सकें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम छह घंटे एकाग्र होकर अध्ययन करने की आदत विकसित करने की सलाह दी।

इस अवसर पर परिषद के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप द्विवेदी ने कहा कि शिक्षा ऐसा ज्ञान भंडार है, जिसे कोई छीन नहीं सकता। शिक्षा व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाती है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के मानसिक विकास और ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में काकाराम इंटर कॉलेज के प्रबंधक राजू यादव, सपा नेता जय सिंह चौहान सहित अन्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *