श्री बिहारी जी धाम पर महाअष्टमी की पावन धूम: मां के जयकारों के बीच हुआ कन्या पूजन,भसीन परिवार ने कराया कन्या

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

*इटावा।शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी के पावन अवसर पर शास्त्री चौराहा स्थित ‘श्रीबिहारी जी धाम’ में भक्ति,श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।संयुक्त प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र भसीन वरिष्ठ पत्रकार के निवास/धाम पर सनातन परंपरा और माता रानी के प्रति अटूट आस्था के साथ कन्या पूजन एवं कांजक (कन्या) भोज का आयोजन किया गया।

*नवरात्र की अष्टमी तिथि पर शक्ति स्वरूपा नौ कन्याओं और बटुक भैरव का आदर-सत्कार करने का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि नौ दिनों के कठिन व्रत और साधना के उपरांत साक्षात मां भगवती कन्याओं के रूप में श्रद्धालुओं के घर पधारती हैं।इसी भावना को साकार करते हुए श्री बिहारी जी धाम पर सर्वप्रथम सभी नन्हीं-मुन्नी कन्याओं के पावन चरण धोकर उन्हें तिलक लगाया गया। विधि-विधान से कलावा बांधकर,चुनरी ओढ़ाकर और आरती उतारकर उनका पूजन किया गया। संपूर्ण परिसर मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा।*

*पूजन के पश्चात कन्याओं को हलवा,पूरी,चने और खीर सहित विविध प्रकार के सात्विक व पारंपरिक व्यंजनों का भोग लगाया गया।कन्याओं ने प्रसन्नचित्त होकर भोजन ग्रहण किया। भोज के उपरांत सभी कन्याओं को उपहार, दक्षिणा व फल भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

*इस मांगलिक एवं पावन अवसर पर संयुक्त प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र भसीन,उनकी धर्मपत्नी अंजू भसीन,सुपुत्री भव्या भसीन एवं बहन स्वदेश भसीन सहित पूरा परिवार पूरी निष्ठा के साथ सेवा कार्य में जुटा रहा।भसीन परिवार ने कन्याओं के चरण स्पर्श कर नगरवासियों और परिजनों के सुख,शांति व आरोग्य की कामना की।

*कार्यक्रम के अंत में राजेंद्र भसीन ने कहा कि कन्याएं हमारे समाज की शक्ति और संस्कृति की प्रतीक हैं। नवरात्र में इनका पूजन हमें नारी शक्ति के सम्मान और समाज में उनके संरक्षण का संकल्प दिलाता है।कन्या भोज के दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह व आस्था का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *