प्रतियोगिता का शुभारंभ करते डीएम
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। 28वीं वाहिनी पीएसी में 10वीं अंतरवाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन मलखंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की उपस्थिति में किया गया। उद्घाटन समारोह में आयोजन सचिव एवं सेनानायक अनिरुद्ध कुमार ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके उपरांत प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही विभिन्न वाहिनियों की टीमों ने मार्च-पास्ट/परेड के माध्यम से अतिथिगण को सलामी एवं अभिवादन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने खेल के दौरान सत्यनिष्ठा, अनुशासन, निष्पक्षता तथा खेल भावना बनाए रखने की शपथ ग्रहण की। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न वाहिनियों के खिलाड़ी मलखंभ के माध्यम से अपने कौशल, शारीरिक दक्षता, संतुलन एवं अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पुलिस बल में खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं आपसी समन्वय को बढ़ावा देना है। उद्घाटन समारोह में सहायक सेनानायक दीप शिखा, अहिबरन सिंह, शिविरपाल, सुभाष चंद्र यादव, सूबेदार सैन्य सहायक नितिन पंवार सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
