ईमानदारी की मिसाल बना ऑटो चालक, 70 हजार रुपये व जेवरों से भरा बैग पुलिस को सौंपा

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर। ग्राम नगला तौर निवासी 80 वर्षीय हरे लाल पाल अपनी 75 वर्षीय पत्नी सुहागा देवी के साथ बाजार से खरीदारी कर ऑटो से गुराऊ गांव स्थित अपने दामाद के घर जा रहे थे। रास्ते में उतरते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया।
बैग में करीब 70 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। बैग मिलने पर ऑटो चालक सतेंद्र यादव, निवासी ग्राम नगला जुला, मीरखपुर पूठिया, जसवंतनगर ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग अपने पास रखने के बजाय तत्काल जसवंतनगर थाने पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने बुजुर्ग दंपती को थाने बुलाकर जांच-पड़ताल के बाद उनका बैग सुरक्षित वापस कर दिया। नकदी और आभूषण सुरक्षित मिलने पर हरे लाल पाल एवं उनकी पत्नी ने ऑटो चालक सतेंद्र यादव की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। साथ ही पुलिस का भी धन्यवाद किया।
ऑटो चालक की इस ईमानदारी की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है। सतेंद्र यादव ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समाज के सामने ईमानदारी और इंसानियत की एक सराहनीय मिसाल पेश की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *