कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन और योग्यता के मुताबिक होगी – सदर विधायक

कर्मचारियों को चेक वितरित करतीं सदर विधायक साथ मे डीएम

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। उ.प्र. आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ कार्यक्रम विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में विधायक सदर सरिता भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सीधा लोक भवन लखनऊ से विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में दिखाया गया जिसे उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सुना एवं देखा गया।विधायक सदर सरिता भदौरिया ने कहा कि कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहे। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को मेहनत का उचित मानदेय प्राप्त होगा भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन व योग्यता के हिसाब से ही होगी। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय प्रत्येक माह 5 तारीख तक खाते में जाएगा एवं कंपनी द्वारा ईपीएफ का पैसा 10 तारीख तक जमा कर सरकार को प्रमाण पत्र देना होगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम राज्य के विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों के प्रबंधन के लिए एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से आउटसोर्स मानव संसाधन के चयन, तैनाती, उपस्थिति, अवकाश, वेतन भुगतान, वैधानिक अनुपालन, एजेंसी प्रबंधन तथा भुगतान की निगरानी जैसी प्रक्रियाओं को एक ही व्यवस्था के अंतर्गत संचालित किया जाएगा। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता को बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने आउटसोर्स कार्मिकों के श्रम, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें आउटसोर्स कार्मिकों को उनके अधिकार एवं देय लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त हों तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो। कार्यक्रम के अंत में विधायक द्वारा नगर पालिका के कुल 5 सफाई कर्मियों को किट वितरण की गई एवं श्रम विभाग के कुल 10 कर्मचारियों को चेक वितरण की गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, जनप्रतिनिधिगण, पीडी अनिल कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र, सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *