अपराध गोष्ठी में निर्देश देते एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, थानाध्यक्षों एवं शाखा प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित की।
एसएसपी ने गोष्ठी में जनपद में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए उनकी रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, आईजीआरएस एवं जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया।एसएसपी ने ई-साक्ष्य ऐप, सीसीटीएनएस प्रणाली, एफआईआर लिंकिंग, आई-रेड, ट्रैफिक प्रबंधन, एन-स्टेप/ई-समन तामिला, ऑपरेशन कन्विक्शन, गैंगस्टर एवं गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही, प्रस्तावित गैंगस्टर कार्रवाई तथा अपराधियों की सतत निगरानी के संबंध में विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। एसएसपी ने अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई करते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखें। गोष्ठी में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें पुलिस कर्मियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुनकर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस कर्मियों के कल्याण, अनुशासन, कार्यकुशलता तथा बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी तथा अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
