देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता की भावना को लेकर पुलिस ने निकाली बाइक तिरंगा रैली

 तिरंगा बाइक रैली को झंडी दिखाकर रवाना करते एसएसपी

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना से जोड़ने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जनपद में बाइक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारम्भ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया गया। बाइक तिरंगा रैली में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर पूरे उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ सहभागिता की गई। बाइक तिरंगा रैली में महिला आरक्षियों एवं पुलिस आरक्षियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने तिरंगा ध्वज के साथ नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता एवं राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया। बाइक तिरंगा रैली पुलिस लाइन्स से प्रारम्भ होकर एसएसपी चौराहा, शास्त्री चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा, पक्का तालाब चौराहा, नुमाइश चौराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन्स पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान नगरवासियों में भी देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संकल्प है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में रैली के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखते हुए कार्यक्रम को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *