नीलकंठ मन्दिर में जलाभिषेक करतीं एडीजीपी अनुपम कुलश्रेष्ठ।
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। उत्तर प्रदेश की एडीजीपी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने गुरुवार को शहर के प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी भगवान शिव का पूजन किया। पूजा-अर्चना के उपरांत एडीजीपी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और मंदिर समिति को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीढ़ियों पर मजबूत रेलिंग की व्यवस्था कराई जाए, जिससे सावन माह में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सावन माह एवं कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे तथा यातायात, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। एडीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर एसपी सिटी अभय नारायण, सीओ सिटी अवनीश कुमार, शहर कोतवाल यशवंत सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मंदिर परिसर में मौजूद रहा।
