मूसलाधार बारिश से शहर में कई जगह हुआ जलभराव, जनता परेशान

 विकास भवन व सड़क पर भरा बरसाती पानी

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। बीती रात के शुरू हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। मानसून में पहली बार इतनी लंबी अवधि तक लगातार बारिश हुई जिससे कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि लगातार बारिश ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। बारिश से मैनपुरी रेलवे फाटक अंडरब्रिज में करीब सात फीट तक पानी भर जाने से दोनों ओर का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से नगर पालिका ने अंडरब्रिज के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी। लगातार बारिश से शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया। विकास भवन, डॉ. भीमराव अंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल, फ्रेंड्स कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र तथा शहर से आगरा और मैनपुरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज पूरी तरह पानी में डूब गए। कई सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण विद्युत विभाग ने पूरे जिले की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद गुरुवार सुबह फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित विद्युत पावर हाउस में भी पानी भर गया जिससे बिजली व्यवस्था बहाल करने का कार्य प्रभावित हुआ। जिले के अधिकांश हिस्सों में कई घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल और अन्य दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। मूसलाधार बारिश के चलते शहर का मैनपुरी फाटक अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो गया। अंडरपास में करीब 8 फीट से अधिक पानी भर गया जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने अंडरपास के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कर दिया है। वहीं, यातायात पुलिस एवं नगर पालिका के कर्मचारी दोनों ओर तैनात हैं, ताकि कोई भी वाहन अंडरपास में प्रवेश न कर सके और किसी प्रकार की दुर्घटना या वाहन फंसने की स्थिति उत्पन्न न हो। अंडरपास में जलभराव के कारण मैनपुरी–आगरा–इटावा मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, जिला अस्पताल से सैफई पीजीआई जाने वाली एम्बुलेंसों को भी दूसरे मार्गों से भेजा जा रहा है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जलभराव वाले मार्ग पर जाने से बचें और केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।भारी बारिश को देखते हुए जिला अधिकारी के कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया। सुबह कई बच्चे और अभिभावक स्कूल पहुंच चुके थे, लेकिन छुट्टी की सूचना मिलने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले में अच्छी वर्षा हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *