एचपीसीएल के स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन

एचपी गैस वितरकों ने रक्तदान कर सामाजिक दायित्व निभाने का संदेश दिया

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर इटावा के एच पी गैस वितरकों के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय मोतीझील के ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। आयोजन की विशेषता यह रही कि इसमें जनपद के सभी एचपीसीएल गैस वितरकों ने सामूहिक रूप से सहभागिता करते हुए रक्तदान और जनसेवा का संदेश दिया।जिला अस्पताल के डॉक्टर व स्टाफ ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान ऐसा मानवीय कार्य है, जो किसी ज़रूरतमंद को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं। वक्ताओं ने व्यवसायिक गतिविधियों के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए एचपीसीएल परिवार और जनपद के सभी गैस वितरकों की पहल की सराहना की।शिविर के दौरान स्थानीय नागरिकों, युवाओं, गैस एजेंसियों के कर्मचारियों और अन्य स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्त संग्रह की प्रक्रिया ब्लड बैंक जिला अस्पताल की मेडिकल टीम की देखरेख में संपन्न हुई। आयोजन के माध्यम से नियमित रक्तदान के महत्व और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी लोगों को जागरूक किया गया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए एचपीसीएल गैस वितरकों, रक्तदाताओं तथा मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एचपीसीएल परिवार भविष्य में भी जनहित और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। इस अवसर पर जनपद के अनेक गणमान्य नागरिक, वितरक संघ के सदस्य तथा विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।  रक्तदान करते एचपी गैस वितरक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *