दोनों अतिथियों ने स्वर्गीय डॉ. कपिल गुप्ता के समाज एवं चिकित्सा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया
करंट विज़न संवाददाता
फफूंद । नगर के प्रख्यात चिकित्सक एवं समाजसेवी स्वर्गीय डॉ. कपिल गुप्ता की पुण्यतिथि के अवसर पर पुराना गुप्ता क्लिनिक फफूंद में पूनम पुरवार, कोऑर्डिनेटर, जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन फेडरेशन-5 एवं जायंट्स ग्रुप ऑफ दिबियापुर सहेली के तत्वावधान में एक निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 132 मरीजों की जांच कर निःशुल्क दवाएं दी गईं । कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत फफूंद के चेयरमैन अनवर कुरैशी एवं दिबियापुर नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा द्वारा स्वर्गीय डॉ. कपिल गुप्ता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं श्रद्धांजलि अर्पित करके किया गया । दोनों अतिथियों ने स्वर्गीय डॉ. कपिल गुप्ता के समाज एवं चिकित्सा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया। शिविर में डॉ. जी. पी. चौधरी (पूर्व अपर निदेशक, चिकित्सा एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. महेश (पूर्व चिकित्सा अधिकारी) एवं उनकी चिकित्सकीय टीम ने बड़ी संख्या में आए मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयाँ उपलब्ध कराईं। नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने शिविर का भरपूर लाभ उठाया। इस अवसर पर पूनम पुरवार ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. कपिल गुप्ता ने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा एवं मानवता की सेवा के लिए समर्पित किया। उनकी पुण्य स्मृति को जनसेवा से जोड़ने का उद्देश्य यही है कि जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँच सकें। उन्होंने बताया कि जायंट्स ग्रुप ऑफ दिबियापुर सहेली समाजहित में भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।कार्यक्रम में जायंट्स ग्रुप ऑफ दिबियापुर सहेली की सदस्य रोली गुप्ता सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। शिविर में आए सभी अतिथियों एवं नागरिकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अनवर कुरैशी, नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा, डॉ. जी. पी. चौधरी एवं डॉ. महेश को संस्था की ओर से प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं संस्था के सदस्यों ने स्वर्गीय डॉ. कपिल गुप्ता को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए इस जनकल्याणकारी पहल की मुक्त कंठ से सराहना की । यह स्वास्थ्य शिविर क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
