
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
➡️ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में इकदिल पुलिस गुरुवार को चितभवन नहर पुल पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल एक शातिर बदमाश इटावा-भरथना मार्ग पर स्थिति एक स्कूल के आगे नावली जाने वाले मार्ग के पास मौजूद है।
➡️ सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख खजूर की झाड़ियों में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी शिवम उर्फ शिवा (28) निवासी नगला तिवारी वलैयापुर, थाना जसवंतनगर के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
➡️ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस तथा 20,170 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने 3 जुलाई को इकदिल थाना क्षेत्र में हुई चेन छीनने की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार करने का दावा किया है।
➡️ पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम तथा अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पहले दर्ज चेन स्नैचिंग के मुकदमे में भी संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
➡️ पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध हत्या, चोरी, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
