
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। थाना क्षेत्र चौगुर्जी बैंक रोड पर बीते दिन एक व्यक्ति से ₹36,000 की लूट की घटना को इटावा पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में पुलिस टीम ने महज 24 घंटे के भीतर घटना का सफल खुलासा कर दिया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभय नाथ त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी नगर अविनाश कुमार सिंह द्वारा किया गया। शहर कोतवाल यशवंत सिंह की टीम ने वाइस ख्वाजा रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में विकास, सनी उर्फ बब्लू निवासी साबितगंज, निशांत शर्मा निवासी कबीरगंज तथा अंशू निवासी आनंद नगर, कोतवाली क्षेत्र शामिल हैं।
पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम जनता में विश्वास बढ़ा है। घटना के सफल अनावरण पर डीआईजी द्वारा पुलिस टीम को ₹25,000 का इनाम देकर सम्मानित किया गया।
इटावा पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
