करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
जसवंतनगर। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से थाना जसवंतनगर पुलिस ने क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के निर्देशन में पुलिस बल के साथ रूट मार्च निकाला। इस दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर पैदल गश्त कर आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाया गया।
रूट मार्च के साथ पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया। अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न, ड्रिंक एंड ड्राइव समेत विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करते हुए कुल 150 वाहनों की चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान हेलमेट न पहनने पर 5 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर 2 चालान किए गए। इसके अलावा प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 12 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने के 9 मामलों में चालान किए गए तथा एक वाहन को सीज कर दिया गया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
