बकेवर क्षेत्र की घटना के बाद पत्रकारों में नाराजगी, कार्रवाई की मांग

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

इटावा। थाना बकेवर क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ मारपीट की घटना सामने आने के बाद पत्रकार संगठनों एवं सामाजिक संगठनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पत्रकार दीपेश गौतम ने आरोप लगाया है कि 19 मई 2026 की सुबह महेवा-उझियानी हाईवे पुल के पास कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोककर उनके साथ मारपीट की। घटना में उन्हें चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना का संबंध उनके द्वारा प्रकाशित की गई खबरों से हो सकता है। वहीं, मामले को लेकर विभिन्न पत्रकार संगठनों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच कराए जाने की बात कही गई है। क्षेत्राधिकारी भरथना को मामले की जांच सौंपी गई है। पत्रकार संगठनों ने मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *