इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं, उनके समाधान एवं उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जो औद्योगिक इकाइयां वर्तमान में संचालित हैं, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, विश्वकर्मा योजना आदि के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिससे युवा शक्ति आत्मनिर्भर बन सके। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत जनपद में 2200 लाभार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत बैंकों को 500 आवेदन भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 205 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार “एक जनपद एक उत्पाद” योजना में 42 का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष 5 आवेदन भेजे गए हैं तथा एक आवेदन स्वीकृत हुआ है। जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन संख्या बढ़ाने एवं अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के बुनकरों को बिजली बिल में सब्सिडी प्रदान की जाती है। इस संबंध में उन्होंने उद्योग विभाग एवं बिजली विभाग को संयुक्त रूप से सत्यापन करने के निर्देश दिए ताकि ये लाभ पात्र लोगों को मिल सके जो अपात्र है उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
माटीकला योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मिट्टी के बर्तन, कुल्हड़, मूर्तियां एवं अन्य सजावटी सामान बनाने के कार्य को बढ़ावा दिया जा रहा है। योजना के तहत परियोजना पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जाती है। अधिकारियों ने बताया कि चाक वितरण का लक्ष्य 30 निर्धारित किया गया है जिन्हें पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।राज्य की नई उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति 2022 में होटल ढाबा, गेस्ट हाऊस आदि के लिये निवेश आधारित सब्सिडी की व्यवस्था की गई है। 10 करोड़ रुपए तक के निवेश पर 2 करोड़ रुपए और 500 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश पर 40 करोड़ रुपए तक सब्सिडी दी जाएगी। बैठक में पर्यटन अधिकारी मोहित मनोहर सिंह, उपायुक्त उद्योग, एआरटीओ प्रदीप देशमणि सहित कई उद्योगपति उपस्थित रहे।
फोटो – उद्योग बंधु समिति की बैठक में निर्देश देते डीएम।
