पांच माह की मासूम को पटककर मारने वाला पिता गिरफ्तार

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम बिहारीपुरा में पांच माह की मासूम बेटी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
बताया गया है कि 11 मई की रात करीब आठ बजे आरोपी नारायण का उसकी पत्नी मोहिनी से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में नारायण ने पत्नी की गोद से पांच माह की मासूम बेटी दिव्यांशी को छीन लिया और जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी पिता घर से फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। थाना प्रभारी कमल भाटी के निर्देशन में पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
मंगलवार सुबह उपनिरीक्षक यशवीर सिंह तोमर को सूचना मिली कि आरोपी नारायण राजपुर से बिहारीपुरा जाने वाले मार्ग पर खड़ा होकर कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सुबह करीब 10 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *