भागवत कथा के छठवें दिन राम वनवास प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

करंट विज़न संवाददाता
ताखा, इटावा

ताखा क्षेत्र के ग्राम नगला चती स्थित मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत सप्ताहिक ज्ञान यज्ञ के छठवें दिन कथा व्यास ने भगवान श्री राम के वनवास और उनके पावन चरित्र का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया, जिसे सुनकर पाण्डाल में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो गए और कई भक्तों की आँखें नम हो गईं। ग्राम नगला चती मंदिर पर चल रही इस कथा के छठवें दिन किसई जगदीशपुर (औरैया) से पधारे सुप्रसिद्ध कथा व्यास पंडित सुरेश चंद ने राम वनवास, केवट संवाद और दशरथ मरण के प्रसंगों को संगीत की मधुर धुनों के साथ प्रस्तुत किया। कथा व्यास ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का जीवन पूरे मानव समाज के लिए एक आदर्श है, जिन्होंने पिता के वचनों को निभाने के लिए राजपाठ का त्याग कर सहर्ष वनवास स्वीकार किया। केवट और भगवान राम के बीच के अनन्य प्रेम के प्रसंग पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे। कथा के मुख्य यजमान (परीक्षित) सुमित राम यादव ने सपरिवार व्यास पीठ और श्रीमद् भागवत ग्रंथ का विधि-विधान से पूजन किया और आरती उतारी। इस दौरान मंदिर के सेवादार अतर सिंह यादव निवासी नगला चती सहित अन्य सहयोगियों ने व्यवस्थाएं संभालने में अपना विशेष योगदान दिया। कथा के दौरान पूरा माहौल जय श्री राम और हरे कृष्णा के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस धार्मिक आयोजन में नगला चती सहित आसपास के तमाम गांवों से आए बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ कमाया। कथा की समाप्ति के बाद सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *