दो अवैध रायफल व कारतूस थार समेत शातिर गिरफ्तार, थार कार सीज

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर। अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जसवंतनगर पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो अवैध .315 बोर रायफल, 12 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी की थार कार को भी धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष कमल भाटी ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम गुरुवार को नगला राठौर मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध शस्त्र लेकर थार कार से बिठौली की ओर से जसवंतनगर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर थार कार से दो अवैध .315 बोर रायफल, 12 जिंदा कारतूस और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी शस्त्रों का कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान उपदेश उर्फ लम्बा पुत्र रामप्रकाश निवासी ग्राम परसौआ के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध शस्त्रों को लोगों को दिखाने और अपने पास रखने के उद्देश्य से लेकर घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जसवंतनगर में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/29/30 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी कमल भाटी सहित थाना पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।
फोटो:-अवैध रायफ़ल सहित आरोपी उपदेश उर्फ लंबा और बरामद थार कार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *