पुलिस लाइन सभागार में बाल संरक्षण और किशोर न्याय पर पुलिसकर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

इटावा। पुलिस लाइन सभागार में किशोर न्याय अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता एस पी क्राइम संतोष सिंह ने की। उन्होंने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों को किशोर न्याय अधिनियम का संवेदनशीलता के साथ पालन करने के निर्देश दिए।

कार्यशाला में संरक्षण अधिकारी सोहन गुप्ता ने किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं एवं प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों, विधि विरुद्ध किशोरों के लिए किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति तथा विशेष किशोर पुलिस इकाई की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों को संबंधित वीडियो क्लिप के माध्यम से व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की पहचान मीडिया में उजागर नहीं की जानी चाहिए तथा बच्चों की देखभाल, संरक्षण एवं पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के समक्ष बच्चों को पेश करते समय पुलिसकर्मी वर्दी में न रहें तथा निर्धारित प्रारूप को सही तरीके से भरना सुनिश्चित करें। कार्यशाला में अधिनियम के अंतर्गत आने वाले लघु, गंभीर एवं जघन्य अपराधों की श्रेणियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले मामलों में ही नाबालिग की गिरफ्तारी संभव है।

इस अवसर पर बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य, वन स्टॉप सेंटर इंचार्ज वंदना भदौरिया, पॉक्सो सपोर्ट पर्सन साधना सिंह तथा एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *