करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
सैफई पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, चार गिरफ्तारजसवंतनगर/सैफई। इटावा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। सैफई थाना पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, नौ मोटरसाइकिलों की चेसिस, अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू तथा बाइक काटने के उपकरण बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सैफई थाना पुलिस शुक्रवार-शनिवार की रात रकूईया नहर पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक चोरी की मोटरसाइकिलों पर सवार होकर अवैध असलहों के साथ कुर्रा की ओर से हवाई पट्टी की तरफ आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर अमन मंसूरी पुत्र राजू खान निवासी कुर्रा, मैनपुरी तथा सुग्रीव पुत्र राकेश निवासी रतीभानपुर, मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा एक चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर पीजीआई सैफई और आसपास के क्षेत्रों सहित विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी करते हैं। चोरी की बाइकों के इंजन, चेसिस और अन्य महत्वपूर्ण पार्ट बदलकर उन्हें बेच देते हैं, जबकि शेष सामान कबाड़ में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नगला चैनसुख के जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर गिरोह के अन्य दो सदस्यों जुनैद पुत्र इब्राहिम निवासी कुदरकोट, औरैया तथा प्रमोद कुमार उर्फ पप्पू पुत्र महावीर सिंह निवासी मड़ेखड़ा, मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें, कटी हुई चेसिस, पेट्रोल टंकियां, साइलेंसर और बाइक काटने के उपकरण भी बरामद किए गए।
पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना सैफई में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
बरामदगी
05 चोरी की मोटरसाइकिलें
09 मोटरसाइकिल चेसिस
01 तमंचा 315 बोर
02 जिंदा कारतूस
02 अवैध चाकू
05 पेट्रोल टंकियां
02 साइलेंसर
बाइक काटने के विभिन्न उपकरण
पुलिस टीम
कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी, उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार, उपनिरीक्षक संजय कुमार दुबे सहित थाना सैफई पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
