करंट विजन संवाददाता
इमरान खान
इटावा। नुमाइश पंडाल के पास स्थित बुद्धा पार्क में पर्यटन विभाग की लगभग 14 करोड़ रुपये लागत की 11 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास प्रदेश के कैबिनेट मंत्री द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रीय विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सुरक्षा एवं आयोजन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस महत्वपूर्ण बिल को पारित कराने में बाधा डाल रहा है, जबकि यह महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लाया गया है।
मंत्री ने कहा कि आमतौर पर देशहित के मुद्दों पर सत्ता और विपक्ष एकजुट रहते हैं, लेकिन इस विषय पर विपक्ष का रवैया निराशाजनक है। उन्होंने समाजवादी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में भी इस बिल का विरोध किया गया था और अब उसी सोच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं है, और इस संबंध में भ्रम फैलाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिलाओं को सशक्त करेगा और देश के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे देश के मुद्दों पर विदेशों में बयान देते हैं, जो उचित नहीं है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अरुण गुप्ता, सदर विधायक सरिता भदौरिया, प्रशांत राव चौबे, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, सिद्धार्थ शंकर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
