सेंटमेरी इंटर कॉलेज, इटावा के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

इटावा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की हाईस्कूल परीक्षा के घोषित परिणामों में सेंटमेरी इंटर कॉलेज, इटावा के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के मेधावी छात्र रियांश चतुर्वेदी ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं राजवर्धन दुबे ने 98.4 प्रतिशत अंक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संस्कृति त्रिपाठी एवं वैष्णवी यादव ने 98.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कुल 106 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर संस्था का नाम रोशन किया। इसके अतिरिक्त 31 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. फादर शीजू जॉर्ज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। विद्यालय के मैनेजर फादर बिंसन एवं वाइस प्रिंसिपल फादर बिबिन ने परीक्षा परिणाम की जानकारी देते हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार द्वारा सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सिस्टर स्नेहा मैथ्यू, सिस्टर सोफी रोज तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
सेंटमेरी इंटर कॉलेज ने एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देकर जनपद में अपनी शैक्षिक श्रेष्ठता का परचम लहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *