करंट विजन संवाददाता
इमरान खान
इटावा में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते गुरुवार शाम को करीब 6500 लीटर अंग्रेजी शराब नष्ट कराई। अलग-अलग मुकदमों में बरामद की गई इस शराब की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत शराब का विनष्टीकरण कराया। लाखों रुपये की पकड़ी गई शराब को आग के हवाले करके नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश के डीजीपी निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा संख्या 446/18 समेत अन्य मामलों में बरामद अंग्रेजी शराब को विनष्टीकरण के लिए चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार यह शराब भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 63 और 72 के तहत दर्ज मामलों से संबंधित
पुलिस विभाग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक विनष्टीकरण की गई शराब की कुल मात्रा करीब 6500 लीटर थी। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पूरी कार्रवाई को विधिवत तरीके से पूरा किया गया। शराब नष्ट करने की प्रक्रिया के दौरान संबंधित अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।
इटावा एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, तस्करी और बिक्री करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है ताकि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
